लिव-इन पार्टनर पर शादी का दबाव और धमकी का आरोप, आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के मामले में महिला गिरफ्तार!


कवर्धा: (प्रांशु क्षत्रिय) लिव-इन पार्टनर को शादी के लिए दबाव बनाने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप में सिटी कोतवाली पुलिस ने महिला अमीना ताज (36) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, महिला पर अपने लिव-इन पार्टनर आलोक दुबे को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का आरोप है। आरोपी के खिलाफ धारा 108 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, 29 जुलाई 2026 को आलोक दुबे द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई तथा मर्ग जांच शुरू की। जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण, वैज्ञानिक अधिकारी की रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों व गवाहों के बयान लिए गए। पुलिस ने घटनास्थल से मृतक का मोबाइल फोन और लैपटॉप तथा आरोपी के तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए। मर्ग जांच में सामने आया कि आलोक दुबे करीब चार वर्षों से अमीना ताज के साथ लिव-इन रिलेशन में रह रहा था। पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी महिला द्वारा उस पर मुस्लिम धर्म स्वीकार कर मुस्लिम रीति-रिवाज से विवाह करने का दबाव बनाया जा रहा था। पुलिस का दावा है कि विवाह नहीं करने पर बलात्कार के मामले में फंसाने की धमकी देकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। पुलिस के अनुसार, इसी दबाव और प्रताड़ना से परेशान होकर आलोक ने 29 जुलाई को आरोपी के किराये के मकान के बैठक कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मर्ग जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 23 सितंबर को अपराध क्रमांक 413/2026 के तहत धारा 108 बीएनएस में मामला दर्ज किया।

