चुनावी रंजिश में उपसरपंच को धमकी; पैसे मांगकर इस्तीफा देने का बनाया दबाव..जान से मारने की धमकी देने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार!


जांजगीर-चांपा: (प्रांशु क्षत्रिय) ग्राम मुड़पार में चुनावी रंजिश को लेकर उपसरपंच के साथ विवाद, पैसों की मांग, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद नवागढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर 2026 की शाम आरोपी उपसरपंच के घर पहुंचे और चुनावी रंजिश को लेकर विवाद करने लगे। आरोपियों ने उपसरपंच बनने का हवाला देते हुए उससे पैसों की मांग की और इस्तीफा देकर पंचायत छोड़ने का दबाव बनाया। आरोप है कि इस दौरान प्रार्थी और उसके परिवार के साथ गाली-गलौज की गई तथा जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना की शिकायत पर थाना नवागढ़ में अपराध क्रमांक 308/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले में धारा 296, 351(3), 308(4), 333, 3(5) BNS के तहत अपराध कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने मामले में संलिप्तता पाए जाने पर साहिल जोशी और भरत बंजारे, दोनों निवासी मुड़पार, थाना नवागढ़ को गिरफ्तार किया। पूछताछ एवं विवेचना के बाद दोनों आरोपियों को विधिवत न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की पतासाजी की जा रही है।

