झाड़ियों में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, नशीले पदार्थ के ओवरडोज की आशंका!

दुर्ग: (प्रांशु क्षत्रिय) कुम्हारी क्षेत्र में एक खाली प्लॉट की झाड़ियों में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही कुम्हारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, कुम्हारी के एक खाली प्लॉट से पिछले कुछ दिनों से तेज बदबू आ रही थी। आसपास के लोगों को संदेह होने पर उन्होंने झाड़ियों के पास जाकर देखा, जहां एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस को मृतक की जेब से ओड़िशा के केसिंगा स्टेशन की एक ट्रेन टिकट बरामद हुई है। वहीं शव के पास से एक इंजेक्शन भी मिला है, जिससे प्रथम दृष्टया अत्यधिक नशीले पदार्थ के सेवन से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की बारीकी से जांच जारी है।
