बिलासपुर के बंग्ला यार्ड में युवक की संदिग्ध मौत..फांसी पर लटका मिला शव, पुलिस जुटी जांच में!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) शहर के तारबाहर थाना क्षेत्र के बंग्ला यार्ड सेरसा ग्राउंड के पास झाड़ियों और पेड़ों के बीच एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी पर लटका हुआ मिला। मृतक की उम्र करीब 20 से 22 वर्ष बताई जा रही है और स्थानीय लोगों के अनुसार वह आसपास का निवासी नहीं था, जिससे उसके बाहरी होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही तारबाहर थाना की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से एक जोड़ी चप्पल और युवक के हाथों में पहने कड़े मिले हैं, लेकिन पहचान से जुड़ा कोई दस्तावेज नहीं मिला। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को जिला चिकित्सालय बिलासपुर की मर्च्युरी में रखवाया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मामला आत्महत्या का है या किसी अन्य कारण से मौत हुई है, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। मृतक की शिनाख्त के लिए आसपास के जिलों और अन्य राज्यों के थानों को फोटो भेजे गए हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि युवक के संबंध में कोई भी जानकारी हो तो तत्काल थाना से संपर्क करें, ताकि पहचान और जांच प्रक्रिया जल्द पूरी हो सके।
