बिलासपुर; सरकंडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, महिला गांजा बेचते गिरफ्तार…..

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सरकंडा पुलिस को अहम सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर चिंगराजपारा स्थित अटल आवास के पीछे दबिश देकर एक महिला को गांजा बेचते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। गिरफ्तार महिला की पहचान लक्ष्मी चौक निवासी 58 वर्षीय चंदा बाई राजपूत के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके पास से 1 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया, जिसकी बाजार कीमत करीब 1 लाख 40 हजार रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही गांजा बिक्री से मिली 300 रुपये की नकद राशि भी जब्त की गई है। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
