बिलासपुर; 24 घंटे में ज्वेलरी चोरी का खुलासा, चार युवक गिरफ्तार…..

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) ज्वेलरी शॉप चोरी का सिविल लाइन पुलिस ने तेजी से खुलासा कर दिया है। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न सिर्फ इस वारदात की गुत्थी सुलझाई, बल्कि तीन अन्य चोरी के मामलों का भी खुलासा किया है। जानकारी के मुताबिक 25 तारीख की देर रात मंगला स्थित मां ज्वेलर्स में चोरी हुई थी। अज्ञात चोर शटर तोड़कर करीब एक किलो चांदी और कुछ सोने के जेवर ले गए थे। चोरी गए सामान की कीमत लगभग 3.75 लाख रुपये बताई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइन थाना पुलिस ने विशेष टीम बनाई और तकनीकी जांच व मुखबिरों की मदद से कार्रवाई शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने चार युवकों—सोनू उर्फ शिवा सूर्यवंशी, राहुल सूर्यवंशी, आदित्य सूर्यवंशी और नंद कुमार केवट—को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी 19–20 वर्ष के हैं और मंगला क्षेत्र के निवासी हैं। पूछताछ में आरोपियों ने ज्वेलरी शॉप के अलावा तीन अन्य चोरी की घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया। इनमें मंगला में 40 हजार रुपये, कुदुदंड चांदनी चौक में 49 हजार रुपये और शुभम विहार कॉलोनी में 65 हजार रुपये की चोरी शामिल है। पुलिस चोरी की नकदी और सामान की बरामदगी में जुटी हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी सूने मकानों और दुकानों को निशाना बनाते थे। चारों को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है, वहीं आगे की पूछताछ में और मामलों के खुलासे की संभावना जताई जा रही है।
