बिलासपुर; गणतंत्र दिवस पर बहादुरी का सम्मान, दो आरक्षकों को मुख्यमंत्री ने दिया प्रशस्ति पत्र…..

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) गणतंत्र दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट पुलिस सेवा और साहसिक कार्यों के लिए बिलासपुर जिला पुलिस बल के दो आरक्षकों को राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आरक्षक आशीष राठौर और बीरेंद्र राजपूत को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की। दोनों आरक्षकों ने आवास योजना के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह को पकड़ने में अहम भूमिका निभाई थी। इस कार्रवाई से कई पीड़ितों को राहत मिली और ठगों के खिलाफ कड़ा संदेश गया। इसके अलावा, रात्रि गश्त के दौरान चोरी कर भाग रहे एक शातिर चोर को पकड़कर उसके पास से सोने-चांदी के जेवरात और नकद राशि बरामद की गई। इससे एक बड़ी चोरी का खुलासा हुआ। क्षेत्र में सक्रिय बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई और चाकूबाजी जैसी घटनाओं में शामिल आरोपियों को समय रहते गिरफ्तार करने में भी दोनों आरक्षकों की सक्रिय भूमिका रही। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे समर्पित और साहसी पुलिसकर्मी ही प्रदेश की कानून व्यवस्था को मजबूत बनाते हैं। इस सम्मान से पूरे बिलासपुर पुलिस बल का मनोबल बढ़ा है।
