दर्राभाठा स्कूल में बच्चों के मध्यान्ह भोजन में मिल रहे कीड़े मकोड़े….? जनदर्शन में कलेक्ट्रेट पहुँचे बच्चों के पालक…! जानिए पूरा मामला…?

बिलासपुर:- (शेख असलम की रिपोर्ट) सीपत क्षेत्र के ग्राम दर्राभाटा में मिडिल एवं प्राथमिक स्कूल में मध्यान्ह भोजन में गड़बड़ी तथा मेन्यू के हिसाब से खाना नहीं मिलने की शिकायत को लेकर बच्चों के पालक आज कलेक्ट्रेट पहुंचे थे, पालकों ने बताया कि दर्राभाठा प्राइमरी व मिडिल स्कूल में मध्यान्ह भोजन जो बच्चों को परोसा जाता है, उसमें हर दिन कीड़ा मिल रहा हैं, जिससे बच्चें भोजन नहीं कर रहे हैं। यहां के शिक्षकों व रसोईया के द्वारा बच्चों को जबरिया भोजन कराया जाता है।

उपसरपंच हेमा सोनवानी ने बताया कि ग्राम पंचायत दर्राभाठा में प्राइमरी एवं मिडिल स्कूल में 300 से अधिक बच्चें अध्ययनरत हैं। यहां प्रतिदिन बच्चों के खाने में कीड़े-मकोड़े मिलने की शिकायत तथा कुछ के द्वारा बच्चों के साथ भेदभाव करने की शिकायत हैं। जब बच्चों ने खाना खाने से मना कर दिया था, तब रसोइयों ने धमकी दी और कहा कि जैसा खाना बना है, वैसा खाना पड़ेगा नहीं तो यहां से भगा दिए जाओगे।

महिलाओं ने जनदर्शन में यह भी बताया कि स्कूल की दशा दयनीय व जर्जर है, यहां बच्चों के बैठने के लिए ना तो कुर्सी है, ना टेबल। शौचालय में सफाई नहीं होती। बच्चों को कंप्यूटर भी नहीं दिया गया है, यहां कंप्यूटर के एक अध्यापक हैं, जो हमेशा दूसरे ड्यूटी पर लगे रहते हैं। स्कूल परिसर में साफ-सफाई भी नहीं होती। उपसरपंच हेमा सोनवानी के साथ सरस्वती यादव, प्रतिभा पटेल, कौशल्या रात्रे, राजमती सिदार, शैल बाई, संतोषी, मुन्नी देवी रजनी बाई महेश्वरी, गंगाबाई, पार्वती, सुनीता, कौशल्या बंजारे सहित काफी संख्या में महिलाएं आज नारेबाजी करती हुई कलेक्ट्रेट पहुंची थी।

