बहला फुसला के शादी का झांसा देकर भगाने वाला आरोपी गिरफ्तार…..

जांजगीर-चांपा: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले के थाना बलौदा पुलिस ने अपहृत नाबालिग बालिका को मात्र तीन दिनों के भीतर सकुशल बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है। मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार 16 जनवरी 2026 को नाबालिग बालिका के लापता होने की शिकायत पर थाना बलौदा में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विशेष टीम गठित कर तलाश शुरू की गई। लगातार प्रयासों के बाद 19 जनवरी 2026 को पुलिस ने बालिका को सुरक्षित बरामद कर लिया। इस दौरान आरोपी सुनील कश्यप (20 वर्ष), निवासी पचरी, थाना अकलतरा को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने शादी का झांसा देकर बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ अनाचार करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।


















