दहेज प्रताड़ना, विवाहिता की पिटाई के बाद जहर देकर हत्या, पति गिरफ्तार…..

छत्तीसगढ़: (प्रांशु क्षत्रिय) कबीरधाम जिले से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां दहेज विवाद में एक विवाहिता की जान चली गई। घटना लोहारा थाना क्षेत्र के महाराटोला गांव की है। मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि पति ने दहेज को लेकर पहले पत्नी के साथ मारपीट की और फिर जहर पिलाकर उसकी हत्या कर दी। मृतका की पहचान लोकेश्वरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद आरोपी पति जोहन साहू ने मामला छिपाने के इरादे से पत्नी को लोहारा अस्पताल में भर्ती कराया। हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर किया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति जोहन साहू को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, मृतका के परिजन एसपी कार्यालय पहुंचे और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। पिता ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोगों ने मिलकर लोकेश्वरी के साथ मारपीट की और जहर देकर उसकी जान ले ली। परिजनों ने आरोपी के माता-पिता की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह बघेल ने बताया कि आरोपी पति को हिरासत में ले लिया गया है और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों की भूमिका की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और मृतका के परिजन गहरे सदमे में हैं।
