खेत में मिला अज्ञात महिला का सड़ा गला शव, एक सप्ताह पुराना होने की आशंका…..

दुर्ग: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परसदा में कैवल्य धाम के पीछे स्थित खेत से एक अज्ञात महिला का शव बरामद किया गया है। खेत से दुर्गंध फैलने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद कुम्हारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार मृत महिला की उम्र करीब 40 से 45 वर्ष आंकी जा रही है। शव झाड़ियों के बीच पड़ा मिला, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि मौत लगभग एक सप्ताह पहले हुई होगी। फिलहाल महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई है और उसके पास से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज भी नहीं मिले हैं। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्क्युरी भेज दिया है। आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट भी खंगाली जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
