कुसमुंडा खदान में बड़ा हादसा, हाइड्रोलिक मशीन फटने से युवक की मौत, दो मजदूर गंभीर…..

कोरबा: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले में एसईसीएल की कुसमुंडा खदान से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। खदान के भीतर काम के दौरान हाइड्रोलिक मशीन का सिलेंडर अचानक फट गया, जिससे वहां काम कर रहे एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद खदान परिसर में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार घटना के समय खदान के अंदर हाइड्रोलिक मशीन पर छह मजदूर काम कर रहे थे। अचानक हुए तेज विस्फोट से मौके पर मौजूद मजदूर दहशत में आ गए। धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी। घायल मजदूरों को तुरंत बाहर निकालकर निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे में जान गंवाने वाले मजदूर की पहचान संजय कुमार (23 वर्ष) के रूप में हुई है, जो वाड्रफ नगर का रहने वाला था। संजय अपने परिवार में चार बहनों का इकलौता भाई था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और घर में मातम पसर गया। घटना के बाद खदान में काम कर रहे मजदूरों और परिजनों में भारी आक्रोश है। नीलकंठ कंपनी पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया जा रहा है। मजदूरों का कहना है कि खदान में पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं थे, जिसके कारण यह बड़ा हादसा हुआ। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। दर्री सीएसपी विमल पाठक ने बताया कि नीलकंठ कंपनी में हुए हादसे में एक कर्मी की मौत हुई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
