तेज रफ्तार का कहर, खंभे से टकराई कार, 26 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत, तीन दोस्त गंभीर, मौत से पहले MISS YOU PAPA लगाया था स्टोरी…..

दुर्ग: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले में देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। जामुल थाना क्षेत्र अंतर्गत तिवारी पेट्रोल पंप के सामने तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर खंभे से टकरा गई और पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार उसके तीन दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान सुपेला निवासी प्रवीण कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, प्रवीण अपने तीन दोस्तों के साथ कार से कंचादूर की ओर जा रहा था। वह अपने दोस्त प्रशांत मांडले को घर छोड़ने निकला था। रात करीब डेढ़ से दो बजे के बीच यह हादसा हुआ। पुलिस के मुताबिक, तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के सभी एयरबैग खुल गए। वाहन एक ही बार पलटा, लेकिन प्रवीण के सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी जान चली गई। हादसे से पहले प्रवीण द्वारा सोशल मीडिया पर डाला गया एक भावुक स्टेटस भी सामने आया है, जिसमें उसने अपने दिवंगत पिता को याद करते हुए लिखा था कि वह उन्हें बहुत याद कर रहा है। स्टेटस डाले जाने के कुछ ही घंटों बाद उसकी मौत की खबर ने सभी को झकझोर कर रख दिया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार बताई जा रही है।
