तेज रफ्तार हाइवा ने ली शिक्षिका की जान, परिवार में मातम…..

दुर्ग: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले के पाटन–भखारा कुरूद मार्ग पर सड़क हादसे में एक शिक्षिका की मौत हो गई। मृतका की पहचान 48 वर्षीय मधुबाला चंद्राकर के रूप में हुई है। वे कुरूद की निवासी थीं और ग्राम बगौद स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। जानकारी के अनुसार मधुबाला एक्टिवा से अपने मायके ग्राम आमालोरी जा रही थीं। ग्राम कौही के पास मोड़ पर पहुंचते ही सामने से आ रहे तेज रफ्तार हाइवा ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत उन्हें पाटन के शासकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद हाइवा चालक वाहन सहित मौके पर ही रुक गया। मधुबाला चंद्राकर अपने पीछे दो बेटियों और किसान पति को छोड़ गई हैं। इस हादसे से परिवार के साथ-साथ क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
