बिलासपुर में 11 जनवरी को कलश शोभायात्रा, कई मार्ग रहेंगे बंद…..


बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) शहर में रविवार 11 जनवरी को प्रभु श्रीराम कथा के अवसर पर भव्य कलश शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात पूरी तरह प्रभावित रहेगा। भारी भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने कई सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बंद कर डायवर्सन लागू किया है। कलश शोभायात्रा की शुरुआत जगन्नाथ मंगलम से होगी, जो पुराने बस स्टैंड, अग्रसेन चौक और गोल बाजार होते हुए लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में समाप्त होगी। यात्रा में बड़ी संख्या में माताएं-बहनें शामिल होंगी, इसलिए पैदल यात्रियों और कलश धारियों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। यातायात पुलिस के अनुसार शिव टॉकीज, सीएमडी चौक, मगरपारा चौक, डीआईजी तिराहा, ईदगाह चौक, सिम्स चौक, बाल्मीकि चौक, शनिचरी तिराहा, गांधी चौक और हटरी चौक पर वाहनों को रोककर वैकल्पिक मार्गों की ओर मोड़ा जाएगा। इन इलाकों में पुलिस बल तैनात रहेगा ताकि जाम की स्थिति न बने। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे कलश यात्रा के समय मुख्य बाजार और पुरानी बस्ती की ओर जाने से बचें और निर्धारित डायवर्सन मार्गों का उपयोग करें। साथ ही, मार्ग में तैनात पुलिस कर्मियों के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। धार्मिक आयोजन को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं और लोगों से सहयोग की अपेक्षा की है।

