बिलासपुर; नगर निगम में टैक्स घोटाला, 14.18 लाख के गबन पर राजस्व निरीक्षक निलंबित…..

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) नगर निगम में टैक्स से जुड़े एक बड़े घोटाले का मामला सामने आया है। नगर निगम के जोन क्रमांक-2 में पदस्थ राजस्व निरीक्षक पर 14 लाख 18 हजार 207 रुपये के गबन का आरोप साबित होने के बाद निगम आयुक्त ने कड़ी कार्रवाई की है। आंतरिक ऑडिट में खुलासा हुआ कि वित्तीय वर्ष 2022-23 से 2024-25 के दौरान संपत्तिकर, समेकित कर और यूजर चार्ज के रूप में वसूली गई राशि को निगम कोष में जमा नहीं किया गया। जांच में यह राशि राजस्व निरीक्षक मनारायण देवांगन द्वारा गबन किए जाने की पुष्टि हुई। मामला सामने आते ही नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने तत्काल मनारायण देवांगन को निलंबित कर दिया है। साथ ही गबन की गई पूरी राशि की वसूली के निर्देश भी जारी किए गए हैं। आयुक्त ने साफ किया है कि यदि तय समय सीमा में बकाया राशि जमा नहीं की गई तो संबंधित राजस्व निरीक्षक के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। कार्रवाई के बाद नगर निगम महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।
