अब घर बैठे भरें प्रॉपर्टी टैक्स, 53 नगरीय निकायों में ऑनलाइन सुविधा शुरू…..

छत्तीसगढ़: (प्रांशु क्षत्रिय) स्थानीय स्वशासन को डिजिटल और नागरिक-अनुकूल बनाने की दिशा में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने एक और अहम कदम उठाया है। अब प्रदेश के शहरों में रहने वाले लोग अपने प्रॉपर्टी टैक्स का भुगतान घर बैठे ऑनलाइन कर सकेंगे। फिलहाल यह सुविधा राज्य के 53 नगरीय निकायों में उपलब्ध करा दी गई है। ऑनलाइन व्यवस्था शुरू होने से नागरिकों को टैक्स जमा करने के लिए नगर निगम या नगरपालिका कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। न ही लंबी कतारों में खड़े होने की जरूरत होगी। लोग अपने घर या कार्यस्थल से, अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी समय संपत्ति कर जमा कर सकते हैं। विभाग द्वारा इस वर्ष अगस्त महीने में 46 नए नगरीय निकायों में ऑनलाइन प्रॉपर्टी टैक्स भुगतान की सुविधा जोड़ी गई है। इससे पहले यह सुविधा केवल सात नगर निगमों—रायपुर, दुर्ग, रिसाली, भिलाई, बिलासपुर, कोरबा और रायगढ़—तक ही सीमित थी। अगस्त 2025 में इस सुविधा का विस्तार करते हुए बीरगांव, भिलाई-चरोदा और धमतरी नगर निगम के साथ-साथ 43 नगर पालिकाओं को भी इससे जोड़ा गया। जीआईएस आधारित प्रॉपर्टी टैक्स लाइव पोर्टल के माध्यम से अब प्रदेश के कुल 53 नगरीय निकायों में ऑनलाइन टैक्स भुगतान संभव हो गया है। इस पहल से न केवल नागरिकों का समय बचेगा, बल्कि नगरीय प्रशासन की कार्यप्रणाली भी अधिक पारदर्शी और आधुनिक बनेगी।
