युवती से सामूहिक दुष्कर्म, गमझे से घोटा गला, हत्या कर रायपुर में फेंका शव, शातिर चोर समेत तीन आरोपी गिरफ्तार, 60 लाख की चोरी का भी हुआ खुलासा……

छत्तीसगढ़: (प्रांशु क्षत्रिय) दुर्ग में युवती की हत्या कर शव को रायपुर में ठिकाने लगाने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। हत्या का मामला 22 नवंबर 2025 को सामने आया था, जब न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के अमलीडीह स्थित खाली प्लॉट में युवती का शव मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई। जांच में सामने आया कि मृतिका को आखिरी बार देवार बस्ती तेलीबांधा निवासी शातिर चोर हरीश पटेल के साथ देखा गया था। तकनीकी जांच और CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी हरीश पटेल को प्रयागराज से दबोच लिया। पूछताछ में हरीश ने कबूल किया कि उसने 19 नवंबर को युवती को मिलने के लिए दुर्ग बुलाया था। होटल में दोस्त और अपने साथ शारीरिक संबंध बनाने को कहा जिसे लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद उसने अपने साथी के साथ मिलकर गमछे से गला दबाकर युवती की हत्या कर दी। इसके बाद शव को मोटरसाइकिल से रायपुर लाकर फेंक दिया गया। हत्या की जांच के दौरान पुलिस ने चोरी के 11 मामलों का भी खुलासा किया। इस मामले में अरविंद नेताम और उषा राठौर को भी गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 60 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, नकदी, बाइक और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
