VIDEO; तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का तांडव, बाल-बाल बचे लोग, दो युवक हिरासत में……

रायपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) रायपुर स्थित बैजनाथ पारा इलाके में सोमवार रात तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से जमकर उत्पात मचाने का मामला सामने आया है। बेकाबू कार ने कई खड़ी गाड़ियों को टक्कर मारी, गनीमत रही कि लोग बाल-बाल बच गए। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, कार में राहुल ठाकुर अपने साथियों के साथ मौजूद था। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने युवकों की पिटाई कर दी, जिसके बाद वे कार लेकर मौके से फरार हो गए। देर रात रहवासियों की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने राहुल ठाकुर और पारस वाधवा को हिरासत में लिया। मामले पर युवा कांग्रेस की ओर से बयान भी आया है। कांग्रेस मीडिया प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि राहुल ठाकुर कांग्रेस का पदाधिकारी नहीं है और कानून तोड़ने वालों पर कार्रवाई होनी चाहिए। गौरतलब है कि राहुल ठाकुर इससे पहले भी वुड आइलैंड रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ और हंगामे के मामले में गिरफ्तार हो चुका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
