बड़ा हादसा, कोल्ड स्टोरेज की दीवार गिरी, 3 मजदूरों की मौत, एक गंभीर घायल….

सूरजपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले में शनिवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। नयनपुर इलाके में स्थित मित्तल कोल्ड स्टोरेज में काम के दौरान अचानक एक दीवार भरभराकर गिर पड़ी। दीवार की चपेट में आकर चार मजदूर दब गए। हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। चौथा मजदूर गंभीर रूप से घायल है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि सभी मजदूर रोज़ की तरह अपने काम में लगे हुए थे, तभी यह दुर्घटना हुई। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। एस जयवर्धन और प्रशांत ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और राहत-बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। स्थिति को देखते हुए किसी भी तरह के विरोध या प्रदर्शन की आशंका के चलते मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। आगे की जांच जारी है।
