राजस्व जंगल से दो ग्रामीणों की लाश बरामद, करंट से मौत की आशंका…..

रायगढ़: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले के संबलपुरी इलाके के पास स्थित राजस्व जंगल में दो ग्रामीणों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतकों की पहचान पुनीलाल यादव उर्फ मंत्री यादव (51) और संदीप उरांव (24) के रूप में हुई है। दोनों चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के ग्राम छोटे रेगड़ा के निवासी बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक 9 दिसंबर की सुबह करीब 4 बजे सात ग्रामीण शिकार के लिए जंगल गए थे। शाम तक सभी लौट आए, लेकिन पुनीलाल और संदीप घर नहीं पहुंचे। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन जब दो दिन तक कोई सुराग नहीं मिला तो 12 दिसंबर की शाम थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई। इसके अगले दिन जंगल में झाड़ियों के बीच दोनों के शव मिलने की सूचना मिली। ग्राम बेरला के कोटवार सौकीलाल सारथी ने आरोप लगाया है कि शिकार पर गए सात लोगों में से बाकी सभी सुरक्षित लौट आए थे, लेकिन किसी ने दोनों की जानकारी नहीं दी। प्रारंभिक तौर पर करंट लगने से मौत की आशंका जताई जा रही है। मृतकों में से एक के हाथ में जलने के निशान भी पाए गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही 13 दिसंबर की सुबह वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले में चार ग्रामीण युवकों को हिरासत में लिया है, जबकि एक अन्य की तलाश जारी है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।
