बिलासपुर; अरपा नदी में कूदे बुज़ुर्ग को डायल 112 ने बचाया….

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले में शुक्रवार सुबह अरपा नदी के पचरीघाट स्थित निर्माणाधीन बैराज क्षेत्र में एक बुज़ुर्ग के अचानक नदी में कूद जाने से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार 60–70 वर्षीय रामरतन मोगरे, निवासी शिव चौक कतियापारा, तेज़ी से बैराज के पुल पर आए और देखते ही देखते नीचे छलांग लगा दी। फिलहाल बैराज निर्माण कार्य के चलते नदी में जल प्रवाह कम है और गहराई भी अधिक नहीं, जिससे बुज़ुर्ग की जान बच गई। हालांकि ऊंचाई से कूदने के कारण चोटें आई हैं। घटना के समय मौजूद बैराज के चौकीदार ने तत्काल अन्य साथियों और डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही आरक्षक संजय कुमार रात्रे और वाहन चालक दीपक पांडेय मौके पर पहुंचे। मजदूरों की मदद से उन्होंने बुज़ुर्ग को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। डायल 112 की टीम ने प्राथमिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के बाद बुज़ुर्ग को आगे की वैधानिक कार्रवाई हेतु सिटी कोतवाली थाना पहुंचाया।
