बिलासपुर; झारखंड के ईंट भट्ठे से छुड़ाए गए बिलासपुर के 16 श्रमिक, प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से सकुशल घर वापसी……

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले के मस्तूरी ब्लॉक के सरगवां गांव के 16 श्रमिकों को झारखंड के सिमडेगा जिले स्थित एक ईंट भट्ठे से मुक्त कराया गया। श्रमिकों ने आरोप लगाया था कि उन्हें वहां बंधक बनाकर अमानवीय परिस्थितियों में काम करवाया जा रहा था। महिलाओं से छेड़छाड़ और पुरुषों के साथ मारपीट की शिकायत भी सामने आई थी। यह मामला 9 दिसंबर को साप्ताहिक जनदर्शन में तब उजागर हुआ, जब सरगवां निवासी अमित कुमार मधुकर ने कलेक्टर संजय अग्रवाल को आवेदन देकर श्रमिकों की स्थिति बताई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने तुरंत श्रम विभाग को कार्रवाई करने निर्देश दिए। श्रम विभाग ने सूचना के आधार पर लेबर ठेकेदार नीलकंठ अंबेडकर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है और जल्द ही श्रम न्यायालय में अभियोजन की प्रक्रिया शुरू होगी। साथ ही बिलासपुर प्रशासन ने सिमडेगा जिला प्रशासन से समन्वय कर रेस्क्यू की पूरी प्रक्रिया को पूरा कराया। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई का परिणाम रहा कि 10 दिसंबर की सुबह सभी 16 श्रमिक—महिलाएं, पुरुष और दो बच्चे—सुरक्षित रूप से अपने गांव सरगवां वापस लौट आए। श्रमिकों ने सुरक्षित घर वापसी के लिए कलेक्टर और जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया है।


















