बिलासपुर ट्रेन हादसा, CRS की प्रारंभिक रिपोर्ट में रेलवे की बड़ी लापरवाही उजागर…..

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले में 4 नवंबर को हुए मेमू-ट्रेन हादसे को लेकर कमिशन ऑफ रेलवे सेफ्टी (CRS) की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट सामने आ गई है। रिपोर्ट में रेलवे अफसरों की गंभीर लापरवाही और सिस्टम की खामियों की पुष्टि की गई है। रिपोर्ट के अनुसार, जिस लोको पायलट को सिंगल मैन वर्किंग मेमू चलाने की अनुमति दी गई थी, वह साइको टेस्ट में फेल था। रेलवे बोर्ड ने ऐसे मामलों में मेमू चलाने पर सख्त रोक लगाई है, फिर भी जोनल अफसरों ने नियमों का उल्लंघन किया। सर्टिफिकेट जारी करने में भी कई अनियमितताएं मिलीं, ना रजिस्टर मेनटेन किया गया, न सर्विस रिकॉर्ड अपडेट किया गया। CRS ने 91 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों के बयान लिए और सभी दस्तावेजों की जांच की। रिपोर्ट में कहा गया है कि लोको पायलट की सुरक्षा संबंधी जानकारी और नए नियमों की समझ भी संतोषजनक नहीं पाई गई। 4 नवंबर की शाम लालखदान के पास मेमू ट्रेन खड़ी मालगाड़ी से जा टकराई थी। इस हादसे में लोको पायलट समेत 12 लोगों की मौत और 20 से ज्यादा यात्री घायल हुए थे। CRS ने प्रारंभिक रिपोर्ट रेलवे प्रशासन को सौंप दी है। अब रेलवे अपना जवाब देगा, जिसके बाद सभी साक्ष्यों के आधार पर फाइनल रिपोर्ट तैयार होगी। अधिकारियों के अनुसार, अंतिम रिपोर्ट आने में समय लग सकता है और उसी पर जवाबदेही तय की जाएगी।
