मेडिकल कॉलेज में दो बार ऑपरेशन, रायपुर ले जाते समय प्रसूता की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप………..

छत्तीसगढ़: (प्रांशु क्षत्रिय) अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में एक गर्भवती महिला का एक ही दिन में दो बार ऑपरेशन किया गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बलरामपुर जिले की सुनीता सिंह (35) को 4 दिसंबर को अंबिकापुर रेफर किया गया था। रात 1.30 बजे उसका सिजेरियन हुआ और उसने 3.40 किलो के बच्चे को जन्म दिया। अगले दिन टांकों से खून आने लगा, जिसके बाद डॉक्टरों ने उसे दोबारा ऑपरेशन थिएटर ले जाकर यूटरस निकाल दिया। ऑपरेशन के बाद उसकी तबियत और बिगड़ गई, यूरीन बंद हो गया और 6 दिसंबर को उसे रायपुर रेफर कर दिया गया। परिजन उसे लेकर पहले मेकाहारा पहुंचे, जहां से उन्हें एम्स भेजा गया। एम्स ने बेड न होने का हवाला देकर भर्ती करने से इनकार कर दिया। वापस अंबिकापुर लौटते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है, जबकि हॉस्पिटल प्रबंधन ने आरोपों से इनकार किया है। डॉक्टरों का कहना है कि लगातार ब्लीडिंग के कारण जान बचाने के लिए दूसरा ऑपरेशन जरूरी था।
