सेंट्रल जेल में कांग्रेस नेता जीवन ठाकुर की संदिग्ध मौत, परिजन और समाज आक्रोशित….

रायपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) सर्व आदिवासी समाज के पूर्व जिला अध्यक्ष और कांग्रेस नेता जीवन ठाकुर की रायपुर सेंट्रल जेल में संदिग्ध मौत के बाद परिवार और समाज में आक्रोश बढ़ गया है। फर्जी वन पट्टा मामले में 12 अक्टूबर को गिरफ्तार किए गए जीवन ठाकुर को 2 दिसंबर को अचानक रायपुर जेल शिफ्ट कर दिया गया था। परिजनों का आरोप है कि उन्हें स्थानांतरण, तबीयत बिगड़ने और अस्पताल में भर्ती होने की कोई जानकारी नहीं दी गई। 4 दिसंबर की सुबह तबीयत बिगड़ने पर उन्हें मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कुछ ही घंटों बाद उनकी मौत हो गई। परिवार को मौत की सूचना देर शाम मिली, जिसके बाद नाराज परिजनों ने 30 घंटे बाद भी अंतिम संस्कार नहीं किया है। परिवार ने जेल प्रशासन पर लापरवाही और जानकारी छिपाने के आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। वहीं समाज प्रतिनिधियों और स्थानीय नेताओं ने घटना की मजिस्ट्रियल जांच, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई और परिवार को क्षतिपूर्ति देने की मांग की है। जांच नहीं होने पर समाज ने बड़े आंदोलन की चेतावनी भी दी है।



















