बिलासपुर के बोदरी में अव्यवस्था चरम पर; खुले नाले में गिरे दो मासूम, हर दिन नई दुर्घटना!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) शहर से सटे नगर पालिका परिषद बोदरी में अव्यवस्था इस कदर हावी है कि लोगों की जान पर बन आई है। सफाई व्यवस्था से लेकर सड़क सुरक्षा तक सब कुछ भगवान भरोसे है। ताजा मामला तब सामने आया जब खुले और गंदगी से भरे नाले में दो मासूम बच्चे गिर पड़े। बच्चे कीचड़ से लथपथ हालत में बाहर निकाले गए। इसी दौरान एक अन्य युवक भी पास के नाले में गिर गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि नाला बिना किसी सूचना, बोर्ड या सुरक्षा व्यवस्था के खोदा गया था, जिसके बाद से रोज दुर्घटनाएं हो रही हैं। विडंबना यह है कि बोदरी के आसपास की नगर निकायों को स्वच्छता अवॉर्ड मिले हैं, लेकिन बोदरी कचरे, बदबू और कीचड़ से जूझ रहा है। क्षेत्र के विधायक और वरिष्ठ नेता धरमलाल कौशिक के क्षेत्र में लगातार बढ़ती अव्यवस्था पर भी लोगों ने सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रशासन तुरंत सुरक्षा व्यवस्था और नाले की मरम्मत कराए, ताकि किसी बड़ी अनहोनी को रोका जा सके।

