बोलेरो पेड़ से टकराई, एक श्रद्धालु की मौत, 7 घायल, 4 की हालत गंभीर…..

सूरजपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले में रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कुदरगढ़ धाम दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में 7 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ओड़गी पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। जानकारी के अनुसार, मध्यप्रदेश के कुंभिया गांव के 8 श्रद्धालु कुदरगढ़ धाम दर्शन के लिए आए थे। लौटते समय बांक क्षेत्र में उनकी बोलेरो अचानक अनियंत्रित हो गई और पेड़ से जा टकराई। घटना की सूचना मिलते ही ओड़गी पुलिस मौके पर पहुँची और मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजते हुए मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस अब दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
