बिलासपुर; सरकंडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन चोरी के मामलों का खुलासा, दो युवक और तीन नाबालिग गिरफ्तार….

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) सरकंडा थाना पुलिस ने इलाके में लगातार हो रही चोरी की वारदातों पर लगाम लगाते हुए तीन अलग-अलग मामलों का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने दो युवकों के साथ तीन नाबालिगों को पकड़कर उनके कब्जे से चोरी का अधिकांश सामान बरामद किया है। पहला मामला नूतन चौक का है, जहां अमरू राम साहू अपने परिवार के साथ गांव गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने उनके घर को निशाना बनाकर चांदी के जेवर, कंप्यूटर हार्ड डिस्क और अन्य सामान समेत करीब 45 हजार रुपये का माल उड़ा लिया। वहीं दूसरा मामला अशोक नगर का है। कन्हैया लाल चौबे के निर्माणाधीन मकान से लोहे का सामान, वायर, हथौड़ा और वाइब्रेटर मशीन चोरी कर ली गई थी। जिसकी कीमत करीब 18 हजार रुपये बताई गई है। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि सुमित ठाकुर नाम का युवक चोरी की वाइब्रेटर मशीन बेचने की फिराक में है। टीम ने तुरंत दबिश दी और उसे पकड़ लिया। पूछताछ में सुमित ने अपने साथी नरेन्द्र सिंह और तीन नाबालिगों के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल कर ली। आरोपियों की निशानदेही पर ज्यादातर चोरी का सामान बरामद कर लिया गया है। जांच में यह भी सामने आया कि पकड़े गए नाबालिगों में से एक ने मोहम्मद खालिद के घर से एसी और ट्रांसफॉर्मर का कॉपर वायर भी चुराया था। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
