बिलासपुर; दर्दनाक हादसा, खुली पानी की टंकी में गिरने से 3 साल की मासूम की मौत….

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) कोटा थाना क्षेत्र में आज दोपहर दिल को झकझोर देने वाली दुर्घटना हो गई। घर के आंगन के पास खेल रही 3 साल की बच्ची खुली पानी की टंकी में गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और सदमे का माहौल है। जानकारी के मुताबिक बच्ची रोज की तरह घर के बाहर खेल रही थी। खेलते-खेलते वह आंगन में रखी पानी की टंकी के पास पहुंच गई। टंकी खुली हुई थी, और अचानक पैर फिसलने से वह अंदर गिर गई। घरवालों को जब तक इसकी जानकारी मिली और उन्होंने उसे बाहर निकाला, तब तक बच्ची की हालत बेहद नाजुक हो चुकी थी। परिजन तुरंत उसे कोटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही कोटा पुलिस मौके पर पहुंची, पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस दुखद हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है।
