बिलासपुर; धान खरीदी में बढ़ी रफ़्तार, लक्ष्य से अधिक आवक की संभावना, कलेक्टर ने राइस मिलर्स की बैठक लेकर दिए कड़े निर्देश…..

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले में धान खरीदी की तेज रफ़्तार को देखते हुए इस बार लक्ष्य से अधिक धान की आवक होने की संभावना जताई जा रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए कस्टम मिलिंग की तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं। मंगलवार को कलेक्टर संजय अग्रवाल ने राइस मिलर्स की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। कलेक्टर ने पात्र राइस मिलर्स को अगले तीन दिनों के भीतर कस्टम मिलिंग के लिए पंजीयन कराने के निर्देश दिए। जिले में कुल 170 राइस मिलें संचालित हैं, जिनमें से 121 मिलें कस्टम मिलिंग के लिए पात्र हैं। राज्य शासन के नियमों के अनुसार, जिन मिलों ने पिछले वर्ष 70 प्रतिशत या उससे अधिक चावल जमा किया है, वही मिलें पंजीयन करा सकेंगी। बैठक में कलेक्टर ने पिछले वर्ष के करीब 13 हजार मीट्रिक टन बकाया चावल को इस माह के अंत तक अनिवार्य रूप से जमा करने के निर्देश दिए। साथ ही एफसीआई से मिले स्टेक को 15 दिनों के भीतर पूरा करने को कहा। उन्होंने कहा कि जिले में धान खरीदी शुरू हो चुकी है और फड़ों में धान की आवक बढ़ रही है, इसलिए मिलर्स जल्द से जल्द धान उठाव शुरू करें। कलेक्टर अग्रवाल ने राइस मिलर्स को धान खरीदी प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हितधारक बताते हुए कहा कि सभी मिलर्स शासन के नियमों के अनुसार निर्धारित समय सीमा में अपने दायित्वों का पूरा करें। बैठक के दौरान राइस मिलर्स ने अपनी समस्याएं भी रखीं, जिन पर कलेक्टर ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए समाधान का भरोसा दिया। बैठक में खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर, डीएमओ अमित चंद्राकर, राइस मिल एसोसिएशन के अध्यक्ष ललित अग्रवाल समेत जिले के कई राइस मिलर उपस्थित थे।
