कचना हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में युवक की चाकू मारकर हत्या, बड़ा भाई भी घायल, आरोपी गिरफ्तार……

रायपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) खम्हारडीह थाना क्षेत्र के कचना हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रविवार शाम चाकू मारकर एक युवक की हत्या कर दी गई। वारदात उस वक्त हुई जब आरोपी ने युवक को अपने साथ घूमने चलने के लिए कहा, लेकिन मना करने पर गुस्से में आकर उस पर चाकू से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे बड़े भाई को भी आरोपी ने घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी कचना निवासी सुमीत तांडी अपने छोटे भाई विवेक तांडी के साथ बाजार चौक की ओर जा रहा था। इसी दौरान देवार मोहल्ला निवासी कृष्णा देवार उर्फ तोडू ने विवेक को अपने साथ चलने के लिए कहा। मना करने पर कृष्णा गाली-गलौज करते हुए भड़क गया और विवेक के पेट में धारदार चाकू से वार कर दिया। सुमीत जब बचाने पहुंचा तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर घायल कर दिया। घटना को मोहल्ले के लोगों ने देखा और तुरंत घायल विवेक को मेकाहारा अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सुमीत तांडी की रिपोर्ट पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी कृष्णा देवार उर्फ तोडू को गिरफ्तार कर लिया है।
