बिलासपुर; युवक पर हथौड़ी से हमला, गाड़ी में तोड़फोड़ से मना करने पर हुआ विवाद…..
बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले के सिविल लाईन थाना क्षेत्र में एक युवक पर गाड़ी में तोड़फोड़ करने से मना करना भारी पड़ गया। मंगला चौक स्थित मिनोचा कॉलोनी में युवक और उसके परिवार वालों ने मिलकर अजय विश्वकर्मा नामक व्यक्ति पर मारपीट कर दी और हथौड़ी से सिर पर हमला कर दिया। हमले में अजय गंभीर रूप से घायल हो गया है। अजय विश्वकर्मा ने पुलिस को बताया कि दिवाली के दौरान कुछ युवकों ने उसकी गाड़ी के शीट कवर पर ब्लेड मार दिया था। इसके बाद उसने निगरानी रखनी शुरू की, तब पता चला कि पड़ोसी नाबालिक लड़का और उसके दोस्त गाड़ी में तोड़फोड़ कर रहे थे। जब अजय के भाई ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो युवक ने विवाद शुरू कर दिया। थोड़ी ही देर में नाबालिग के परिवार के लोग भी वहां पहुंच गए और अजय व उसके भाई पर हमला कर दिया। इसी दौरान किसी ने हथौड़ी से अजय के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। पीड़ित ने बताया कि नाबालिक लड़का पहले भी कई बार मोहल्ले में उत्पात मचा चुका है। लोगों के मना करने पर वह गुंडागर्दी करता है और उसके परिवार के लोग उसका साथ देते हैं, जिससे उसका हौसला बढ़ गया है। फिलहाल, सिविल लाइन पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर लिया है और नाबालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच जारी है।
