दिवाली की रात हत्या, पंचायत चुनाव की रंजिश में वारदात को दिया अंजाम, छह आरोपी गिरफ्तार……

जांजगीर-चांपा: (प्रांशु क्षत्रिय) कोटमीसोनार गांव में दिवाली की रात हुई बालमुकुंद सोनी की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। शुरुआती जांच में मामला फटाखा फोड़ने के विवाद से जुड़ा लग रहा था, लेकिन जांच गहराने पर सामने आया कि हत्या की जड़ पंचायत चुनाव की पुरानी रंजिश थी। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात में शामिल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, 20 अक्टूबर की रात सभी आरोपी तालाब के पास इकट्ठा हुए और वहीं से उन्होंने बालमुकुंद को फोन कर गाली-गलौज की। जब उसने फोन काट दिया, तो आरोपियों ने मौके पर ही उसे मारने की साजिश रच डाली। इसके बाद सभी आरोपी उसके घर पहुंचे और उसे परेशान करने के लिए घर में फटाखे फेंककर धमाके करने लगे। जब बालमुकुंद बाहर आया और विरोध किया, तो विवाद बढ़ गया। इस दौरान दो नाबालिगों ने दरवाजा तोड़कर घर में घुसने के बाद बालमुकुंद पर बटनदार चाकू से वार कर दिया। बाकी आरोपी भी अंदर घुस आए और सभी ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि पंचायत चुनाव के दौरान उनका बालमुकुंद सोनी से विवाद हुआ था। उस समय भी झगड़ा हुआ था, लेकिन पीड़ित ने शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। कुछ दिन पहले भी गाली-गलौज को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनातनी हुई थी। इसी रंजिश के चलते दिवाली की रात हत्या की साजिश रची गई। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि दो नाबालिगों को किशोर न्यायालय में पेश किया गया। घटना में इस्तेमाल चाकू और बाइक जब्त कर ली गई है।
ये है गिरफ्तार आरोपी……
1. रोशन दास मानिकपुरी 18 वर्ष, निवासी कोटमीसोनार, थाना अकलतरा।
2. शिवांश पाण्डेय उर्फ शिवा, 18 वर्ष, निवासी हटरी चौक, कोटमीसोनार, थाना अकलतरा।
3. चन्द्रहास पाण्डेय उर्फ लक्की, 29 वर्ष, निवासी सोनारपारा कोटमीसोनार।
4. रामकृष्ण पाठक 28 वर्ष, निवासी हटरी चौक, कोटमीसोनार।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भी भूमिका की जांच की जा रही है।
