तालाब में डूबने से 3 मासूमों की मौत, दिवाली के अगले दिन मचा मातम…..

छत्तीसगढ़: (प्रांशु क्षत्रिय) बीजापुर जिले में दर्दनाक हादसा तीन मासूम बच्चों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना गंगालूर थाना क्षेत्र के ग्राम हिरोलीपारा की है। जहा दोपहर तीनों बच्चों के शव तालाब में तैरते हुए मिले। मृतकों में दो लड़के और एक लड़की शामिल हैं, मृत बच्चों की पहचान नवीन हपका (3), मनीता हपका (5) और दिनेश कोरसा (3) के रूप में हुई है। नवीन और मनीता एक ही घर के बच्चे थे। परिजनों के मुताबिक, बच्चे तालाब के पास खेल रहे थे और फूल निकालने के लिए उसमें उतर गए। गहराई का अंदाजा न होने की वजह से तीनों डूब गए। नवीन और मनीता के पिता मोटू हपका ने बताया कि वे गाय चराने गए थे। घर लौटने पर पत्नी ने बताया कि बच्चे आसपास ही होंगे। जब वे तालाब के पास पहुंचे तो पानी में बच्चों के कपड़े तैरते दिखे। खोजबीन के दौरान सबसे पहले एक शव मिला, जिसके बाद ग्रामीणों की मदद से बाकी दो शव भी तालाब से निकाले गए। तीनों बच्चों के शवों को बीजापुर जिला अस्पताल लाया गया है, जहां पोस्टमॉर्टम जारी है। इसके बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे और गांव में अंतिम संस्कार किया जाएगा। बताया जा रहा है कि घटना वाले तालाब के मालिक की भी कुछ समय पहले मौत हो चुकी है। परिजनों ने बताया कि घटना से एक दिन पहले पूरे परिवार ने मिलकर दिवाली मनाई थी। लेकिन अगले ही दिन यह दुखद हादसा हो गया, जिससे पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्र की जिला पंचायत सदस्य नीना रावतिया उद्दे भी जिला अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और कहा कि सरकार को तीनों बच्चों की मौत के लिए मुआवजा प्रदान करना चाहिए। नीना ने कहा कि वे परिजनों के साथ कलेक्टर से मिलकर इस संबंध में औपचारिक मांग करेंगी।
