महासमुंद में उफनी महानदी का असर : पानी में घिरी शराब दुकान, दो सुरक्षाकर्मियों को किया गया रेस्क्यू
महासमुंद में लगातार बारिश से महानदी का जलस्तर बढ़ा, ब्रह्मनी गांव में शासकीय शराब दुकान बाढ़ के पानी से घिरी। फंसे दो सुरक्षाकर्मियों को नगर सेना ने सुरक्षित निकाला....

महासमुंद। जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते हालात बिगड़ने लगे हैं। महानदी का जलस्तर बढ़ने के साथ आसपास के नदी-नालों में भी पानी का बहाव तेज हो गया है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने नदी किनारे बसे करीब 30 गांवों को अलर्ट किया है।
ब्रह्मनी में बाढ़ के बीच फंसे सुरक्षाकर्मी
बाढ़ के पानी ने ब्रह्मनी गांव की शासकीय मदिरा दुकान को चारों तरफ से घेर लिया। दुकान की सुरक्षा में तैनात दो सुरक्षाकर्मी अचानक पानी के बीच फंस गए। स्थिति गंभीर होने पर दोनों ने वीडियो बनाकर प्रशासन तक सूचना पहुंचाई और मदद की गुहार लगाई। जानकारी मिलते ही प्रशासन ने राहत एवं बचाव दल को मौके पर भेजा।
नगर सेना ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
मौके पर पहुंची नगर सेना की टीम ने बाढ़ के पानी के बीच बचाव अभियान शुरू किया। टीम ने दोनों सुरक्षाकर्मियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
नदी-नालों पर प्रशासन की नजर
लगातार बारिश और महानदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है। नदी और नालों के आसपास रहने वाले लोगों से सावधानी बरतने तथा जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की गई है।

