अधिवक्ता रहस्यमय ढंग से लापता..घर से पैदल निकले थे संतोष पांडेय; पुलिस ने दर्ज किया अपहरण का केस!


जांजगीर-चांपा: (प्रांशु क्षत्रिय) अकलतरा थाना क्षेत्र से एक अधिवक्ता के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। ग्राम सांकर के मूल निवासी और वर्तमान में खिसोरा निवासी अधिवक्ता संतोष कुमार पांडेय (56 वर्ष) 20 सितंबर 2026 की सुबह घर से पैदल निकले थे, जिसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल पाया है। घटना के पांच दिन बीत जाने के बावजूद उनका सुराग नहीं मिलने से परिजन चिंतित हैं। जानकारी के अनुसार, संतोष कुमार पांडेय 20 सितंबर की सुबह करीब 9:15 बजे घर से पैदल निकले थे। इसके बाद वे वापस घर नहीं लौटे। परिजनों और परिचितों ने अपने स्तर पर उनकी काफी तलाश की, लेकिन कहीं कोई जानकारी नहीं मिल सकी। जब लगातार प्रयासों के बावजूद उनका पता नहीं चला तो मामले की सूचना अकलतरा पुलिस को दी गई। संतोष पांडेय पेशे से अधिवक्ता हैं। उनके अचानक लापता होने से पत्नी संध्या पांडेय समेत पूरा परिवार चिंतित है। परिजनों ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच करते हुए संतोष पांडेय की जल्द तलाश करने की गुहार लगाई है। परिजनों की शिकायत पर अकलतरा पुलिस ने अपहरण का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा लापता अधिवक्ता की तलाश के साथ-साथ उनके अचानक गायब होने के कारणों और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले के विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस जांच आगे बढ़ा रही है।


