ऑपरेशन प्रहार; DJ लोड करने के लिए पिकअप में लगाए थे अतिरिक्त एंगल..बिल्हा पुलिस ने 2 वाहन किए जब्त!


बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए बिलासपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत थाना बिल्हा पुलिस ने वाहनों में अतिरिक्त लोहे के एंगल लगाकर चलने वाले दो पिकअप वाहनों पर कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों वाहनों को धारा 207 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत जब्त किया है। पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह ने जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए वाहनों में अवैध अथवा अतिरिक्त एंगल लगाने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश जोशी के मार्गदर्शन में थाना बिल्हा पुलिस ने पेट्रोलिंग के दौरान कार्रवाई की। 26 सितंबर 2026 को पुलिस टीम ने रामसत्ता चौक बिल्हा में शिवलाल यादव के माजदा वाहन क्रमांक CG 04 QC 9445 की जांच की। वाहन में DJ लोड करने के लिए दाएं-बाएं और ऊपर की तरफ लोहे के अतिरिक्त एंगल लगाए गए थे। इसी तरह बिल्हा मेन रोड स्थित शनिचरी बाजार में दीपक मनहर के माजदा वाहन क्रमांक CG 10 R 0105 में भी अतिरिक्त लोहे के एंगल लगे पाए गए। पुलिस का कहना है कि इस तरह वाहन की निर्धारित संरचना से अतिरिक्त एंगल लगे होने के कारण सड़क पर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। दोनों मामलों में धारा 130(3)/177 एवं 194(1)(ए) मोटर व्हीकल एक्ट के उल्लंघन पर कार्रवाई करते हुए पंचनामा तैयार किया गया और वाहनों को जब्त कर लिया गया।

