अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, काम से लौट रहे युवक की दर्दनाक मौत……

रायगढ़: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले में एक बार फिर लापरवाही और खराब सड़क ने एक युवक की जान ले ली। जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के ग्राम गेरवानी-सरायपाली के बीच मां काली प्लांट के पास अज्ञात वाहन ने एक युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान बिहार के वैशाली जिले के ग्राम बोरीगामा निवासी विरेंद्र कुमार के रूप में हुई है। वह एनआर इस्पात प्लांट में फिटर के पद पर कार्यरत था और देलारी गांव में किराए से रहता था। सोमवार को वह रोज की तरह काम पर गया था और रात में घर लौटते समय यह हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि खराब सड़क इस हादसे की बड़ी वजह है। गड्ढों और उबड़-खाबड़ रास्तों के कारण यहां आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं। कुछ महीने पहले ग्रामीणों ने सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर चक्काजाम भी किया था, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से सुधार कार्य शुरू नहीं किया गया है।


















