बिलासपुर; करंट से किशोर की मौत, खेत में अवैध तार बना मौत का जाल…..

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) पचपेड़ी थाना क्षेत्र के जोंधरा गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में दौड़ रहे करंट की चपेट में आने से एक किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि खेत मालिक ने फसलों की सुरक्षा के लिए अवैध रूप से बाड़ के तारों में बिजली प्रवाहित की थी। मिली जानकारी के अनुसार, किशोर खेत के पास से गुजर रहा था, तभी अचानक वह करंट लगे तारों की चपेट में आ गया। जोरदार झटके से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पचपेड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि कई किसानों ने जानवरों से बचाव के लिए खेतों में बिजली के तार बिछा रखे हैं, जो लोगों की जान के लिए खतरा बनते जा रहे हैं। पुलिस ने खेत मालिक के खिलाफ लापरवाही और अवैध विद्युत उपयोग का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव में हुई इस दर्दनाक घटना के बाद शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
