बिलासपुर; दुर्गा पंडाल के पास युवक की हत्या, आरोपी गिरफ्तार….

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले में नवरात्रि पर्व की सप्तमी की रात शहर में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। सरकंडा थाना क्षेत्र के मोपका स्थित दुर्गा पंडाल के पास एक युवक ने अपने ही दोस्त की धारदार हथियार से हत्या कर दी। सीएसपी निमितेष सिंह ने बताया कि सोमवार रात करीब 10.30 बजे 35 वर्षीय दिनेश कुमार सूर्यवंशी पंडाल के पीछे बैठा था। तभी उसका परिचित कमलेश सूर्यवंशी (25) वहां पहुंचा। मोहल्ले में साथ रहने वाले दोनों युवकों के बीच विवाद होता रहता था। बताया गया कि पंडाल के पीछे दोनों में किसी बात पर बहस हो गई। इस दौरान आरोपी कमलेश ने धारदार हथियार से दिनेश के गले पर वार कर दिया। गंभीर हालत में परिजन दिनेश को सिम्स अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आरोपी कमलेश को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मानसिक रोगी है और उसका इलाज सेंदरी स्थित मानसिक चिकित्सालय में चल रहा है। कमलेश ने पुलिस को बताया कि दिनेश उसे बार-बार परेशान करता था। कई बार समझाने के बावजूद उसकी हरकतों में सुधार नहीं हुआ। जिससे तंग आकर उसने धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
