बिलासपुर; 2 युवतियों ने युवकों के साथ की मारपीट, आंखों में झोंका मिर्च पाउडर…..

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में दो युवतियों ने पैसों की मांग को लेकर बाइक सवार दो युवकों के साथ मारपीट की और उनकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। मिली जानकारी के अनुसार, रायपुर रोड की ओर जा रहे थे। तभी स्कूटी पर सवार दो युवतियां वहां पहुंचीं और युवकों को रोक लिया। आरोप है कि युवतियों ने युवकों से पैसे मांगे। इस दौरान कहासुनी होने पर एक युवती ने युवक को थप्पड़ मार दिया और उसकी आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया। वहीं, दूसरी युवती ने बाइक पर बैठे दूसरे युवक के साथ हाथापाई शुरू कर दी। युवकों की बाइक का नंबर साफ दिखाई दे रहा है, वहीं युवतियों की स्कूटी का नंबर कपड़े से ढंका हुआ नजर आ रहा है। पुलिस ने मामले में अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं की है। सिरगिट्टी थाना प्रभारी किशोर केंवट ने बताया कि फिलहाल थाने में पीड़ित युवकों की ओर से कोई आवेदन नहीं आया है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, वायरल वीडियो के जरिए युवकों और युवतियों की पहचान की जा रही है। शहर में संदिग्ध रूप से घूमती बताई जा रही दोनों युवतियां दोपहर में छत्तीसगढ़ भवन और रात को सिरगिट्टी क्षेत्र में अक्सर देखी जाती हैं।
