स्कूल भवन की जर्जर हालत उजागर, स्कूल के दो कमरों की छत का प्लास्टर गिरा, हादसे से नाराज़ पालकों ने गेट पर जड़ा ताला…..

महासमुंद: (प्रांशु क्षत्रिय) बागबाहरा के खड़ादरहा शासकीय प्राथमिक शाला में बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बीती रात स्कूल के दो कमरों की छत का प्लास्टर अचानक गिर गया। सौभाग्य से उस समय बच्चे मौजूद नहीं थे, वरना कोई बड़ा अनहोनी हो सकता था। घटना के बाद ग्रामीणों और पालकों में भारी आक्रोश देखने को मिला। नाराज़ पालकों ने स्कूल के गेट पर ताला जड़कर विरोध जताया। उनका कहना है कि भवन की जर्जर हालत को लेकर कई बार प्रशासन को शिकायत दी गई, लेकिन अब तक अनदेखी की गई। बताया जा रहा है कि प्राथमिक शाला खड़ादरहा में करीब 35 बच्चे पढ़ाई करते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही स्कूल भवन की मरम्मत नहीं कराई गई, तो कभी भी गंभीर हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तत्काल नया भवन बनाया जाए या वैकल्पिक व्यवस्था की जाए।
