बिलासपुर; अरपा नदी में मिली युवक की लाश, तीन दिन से था लापता..इलाके में फैली सनसनी…..

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले में अरपा नदी से एक युवक की लाश बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। तोरवा थाना क्षेत्र के देवरीडीह मुक्तिधाम के पास स्थानीय लोगों ने सुबह करीब 10 बजे नदी में शव तैरता देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान यतेन्द्र कुमार गुप्ता निवासी ग्राम गनियारी, थाना कोटा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, यतेन्द्र 18 सितंबर गुरुवार को घर से निकला था और तब से लापता था। तीन दिन बाद उसका शव नदी में मिलने से परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस हादसा, आत्महत्या या अन्य किसी कारण से हुई मौत की संभावना को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है और स्थानीय लोगों व मछुआरों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
