महिला हेडमास्टर शराब के नशे में स्कूल पहुंचीं, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित….

छत्तीसगढ़: (प्रांशु क्षत्रिय) जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा विकासखंड के लेवई गांव की शासकीय प्राथमिक शाला में महिला हेडमास्टर हीरा पोर्ते (45) शराब के नशे में स्कूल पहुंच गईं। नशे की हालत में उन्होंने स्कूल में बने मीड डे मील को खाने की कोशिश की, लेकिन बेसुध होकर टेबल पर पैर रखकर सो गईं। इस वजह से बच्चे छुट्टी समझकर घर चले गए। घटना का वीडियो ग्रामीणों ने बना लिया, जिसमें हेडमास्टर अजीब हरकतें करते हुए हिंदी और अंग्रेजी में बड़बड़ाती दिखाई दे रही हैं। वीडियो में उनके जेब में रोटी रखी हुई थी। जब किसी ने कार्रवाई की चेतावनी दी, तो उन्होंने जवाब में ‘थैंक यू’ कहा। जांच के बाद हीरा पोर्ते को निलंबित कर दिया गया है। विकासखंड शिक्षा अधिकारी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। स्कूल में कुल 45 बच्चे पढ़ाई करते हैं, और यहां हेडमास्टर के अलावा एक टीचर ही पदस्थ हैं। ग्रामीणों के अनुसार, हीरा पोर्ते पिछले कई दिनों से शराब के नशे में स्कूल आती रही हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। उनके परिजनों ने बताया कि पति की मौत के बाद वह नशे की लत में पड़ गई थीं। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर एसडीएम, डीईओ और बीईओ ने स्कूल का निरीक्षण किया। शिक्षकों, छात्रों और ग्रामीणों से पूछताछ में घटना की पुष्टि हुई। कलेक्टर ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था और विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निलंबन अवधि में हीरा पोर्ते का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बलौदा रहेगा।
