तेज रफ्तार एंबुलेंस ने ली युवक की जान, शराब के नशे में चालक गिरफ्तार….

राजनांदगांव: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले में तेज रफ्तार एंबुलेंस का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। अभी कुछ दिन पहले साईं मंदिर के पास एंबुलेंस की टक्कर से एक युवती गंभीर रूप से घायल हुई थी। अब दाऊचौरा नाका के पास एक और भीषण हादसा सामने आया है। जानकारी के अनुसार, राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज से मरीज को गातापार जंगल छोड़कर लौट रही एंबुलेंस अनियंत्रित होकर खैरागढ़ की ओर से आ रहे बाइक सवार रविकांत साहू (27 वर्ष), पिता नेकराम साहू, ग्राम दिवान झीटिया, डोंगरगांव को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि एंबुलेंस पास ही रहने वाले पंकज कोसरे के घर की बाउंड्रीवाल तोड़ते हुए मकान के अंदर घुस गई। गनीमत रही कि उस समय परिवार घर में मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। गंभीर रूप से घायल रविकांत को गश्ती पुलिस ने तुरंत सिविल अस्पताल खैरागढ़ पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एंबुलेंस चालक शराब के नशे में धुत्त था। पुलिस ने चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं मृतक का पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
