बिलासपुर; ट्रेन से जवानों के हथियार चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल-कारतूस बरामद!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) जीआरपी बिलासपुर ने ट्रेन में हुई हथियार चोरी के मामले का महज़ 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गए पिस्टल, कारतूस और मैगजीन बरामद कर लिए हैं। मामला 4 सितंबर का है। आईटीबीपी के सहायक उपनिरीक्षक योगेंद्र प्रसाद ओझा हटिया से दुर्ग की यात्रा पर थे। उनके पास एक पिट्ठू बैग में दो 9 एमएम ऑटो पिस्टल, 24 कारतूस और चार मैगजीन रखे थे। इसी दौरान बैग चोरी हो गया। घटना की रिपोर्ट पर जीआरपी बिलासपुर ने तुरंत अपराध दर्ज किया और जांच शुरू कर दी। जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार वर्मा ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। सघन तलाश के बाद पुलिस ने बलौदाबाजार जिले के रंजीत मरकाम को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से दोनों पिस्टल, 24 कारतूस और तीन मैगजीन बरामद की गईं। जीआरपी बिलासपुर की इस त्वरित कार्रवाई ने साबित कर दिया कि रेलवे सुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

