जवानों ने नक्सलियों की बड़ी साजिश की नाकाम, भारी मात्रा में विस्फोटक मिले……

गरियाबंद: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले में सुरक्षाबलों को शुक्रवार को बड़ी कामयाबी मिली है। मैनपुर थाना क्षेत्र के गोबरा पहाड़ी जंगल में पुलिस ने नक्सलियों के तीन खुफिया डंप का पता लगाकर भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक और अन्य सामग्री बरामद की है। जानकारी के मुताबिक, जिला पुलिस बल ई-30 ऑपरेशन टीम ने सर्चिंग के दौरान यह कार्रवाई की। बरामद सामग्री में स्टील कंटेनर से बना आईईडी बम, 57 फटाखा बम, नक्सली वर्दी, नक्सल साहित्य और एक सिंगल शॉट बैरल सहित कई आपत्तिजनक सामान शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, गरियाबंद, धमतरी और नुआपाड़ा डिवीजन के नक्सलियों ने जवानों को नुकसान पहुंचाने के इरादे से इन सामग्रियों को गोबरा पहाड़ी जंगल में छिपाकर रखा था। एसपी निखिल राखेजा ने बरामदगी की पुष्टि करते हुए बताया कि सुरक्षाबलों की लगातार कार्रवाई से नक्सलियों की साजिश नाकाम हो रही है और आगे भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे।
