पत्नी ने अंडे की सब्जी बनाने से किया इनकार, नाराज पति ने लगाई फांसी…तीज व्रत का हवाला देकर बोली पत्नी घर में अंडा नहीं बना सकती….

धमतरी: (प्रांशु क्षत्रिय) छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पत्नी द्वारा अंडे की सब्जी बनाने से इनकार किए जाने पर पति ने गुस्से में आकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना सिहावा थाना क्षेत्र के सांकरा गांव की है। मृतक का नाम टिकेश्वर सेन (40) बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम टिकेश्वर शराब पीकर घर आया और अंडे लेकर पत्नी से सब्जी बनाने को कहा। पत्नी ने जवाब दिया कि तीजा त्योहार के कारण वह व्रत रखेगी और घर पर अंडा नहीं बना सकती। परंपरा के मुताबिक इस दिन महिलाएं केवल करू भात खाती हैं, जिसमें करेले की सब्जी और चावल शामिल होता है। पत्नी के मना करने पर पति और पत्नी के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद नाराज होकर टिकेश्वर घर से बाहर निकल गया और थोड़ी दूरी पर आंवला के पेड़ से गमछे के सहारे फांसी लगा ली। करीब आधे घंटे बाद जब परिजन पहुंचे तो टिकेश्वर की मौत हो चुकी थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। नगरी SDOP शैलेंद्र पांडे ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि पत्नी द्वारा अंडे की सब्जी बनाने से मना करने पर पति ने आत्महत्या की है। मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

