नेशनल हाईवे-43 पर भीषण हादसा; खड़े ट्रक से टकराई कार, ठेकेदार की मौत, गड्ढे में टायर फटने से हुआ हादसा!

अंबिकापुर: (प्रांशु क्षत्रिय) नेशनल हाईवे-43 पर रविवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। गड्ढे में टायर फटने से कार बेकाबू होकर खड़े ट्रक से जा टकराई। इस हादसे में 26 वर्षीय ठेकेदार अतुल सिंह की मौत हो गई। वहीं, कार में सवार उसके दो दोस्तों को मामूली चोटें आई हैं। यह घटना गांधीनगर थाना क्षेत्र के गोधनपुर के पास हुई। जानकारी के मुताबिक, गोधनपुर निवासी अतुल सिंह अपने दोस्तों के साथ अजब नगर में जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने जा रहा था। रात करीब 9 बजे जैसे ही उनकी कार एक गैरेज के सामने पहुंची, सड़क पर बने गहरे गड्ढे में टायर घुस गया और फट गया। अचानक कार अनियंत्रित होकर गैरेज के सामने खड़े ब्रेकडाउन ट्रक के पीछे जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में एयरबैग खुल गए, लेकिन ड्राइवर साइड का एयरबैग फट जाने से अतुल का सिर ट्रक के लोहे के एंगल से टकरा गया और उनका सिर फट गया। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अतुल सिंह अपने चाचा कांग्रेस नेता राम विनय सिंह के साथ ठेकेदारी का काम करता था। उसने एग्रीकल्चर से एमएससी की थी। हादसे के समय उसकी पत्नी अपने दो साल के बेटे के इलाज के लिए मायके पटना गई हुई थी। दुर्घटना की खबर मिलते ही वह अंबिकापुर रवाना हो गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, हाईवे पर बड़े-बड़े गड्ढों और सड़क किनारे खड़े ब्रेकडाउन वाहनों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। जिस ट्रक से कार टकराई, उसी से आधा घंटा पहले एक बाइक और ऑटो भी टकरा चुके थे। गांधीनगर थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। ट्रक को सड़क पर खड़ा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
